Crime

चेहरा मासूम, बैग में बड़ा राज! महिला के बैग से निकला 4 किलो गांजा

महिला के बैग में छिपा था 4 किलो से ज्यादा गांजा, लैलूंगा पुलिस की घेराबंदी में दो तस्कर गिरफ्तार

लैलूंगा। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन आघात” में लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लैलूंगा पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महिला के बैग से 4.108 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया है। कुल जब्ती करीब 10 लाख रुपये की बताई गई है।

महिला के बैग ने खोला गांजा तस्करी का राज

1000705824

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक बोलेरो वाहन में गांजा लेकर तस्कर लैलूंगा-पत्थलगांव के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू कर दी।

इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार वाहन की पायलटिंग करता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया और गिर गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी लैलूंगा भेजा गया।

इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध बोलेरो की तलाश तेज कर दी। कुछ देर बाद सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक 26 BH 4095 B आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन को दूसरी दिशा में भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया

तलाशी में महिला के पिट्ठू बैग से मिले चार पैकेट

1000705827

पुलिस के मुताबिक वाहन में चालक जशवंत कुमार शर्मा (32) और महिला ज्योति जाटव (23) सवार थीं। पूछताछ के दौरान दोनों ने ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के लखनऊ जाने की बात स्वीकार की।

नियमानुसार तलाशी लेने पर महिला ज्योति जाटव के काले रंग के पिट्ठू बैग से चार पैकेट में कुल 4.108 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

10 लाख की जब्ती, तस्करों में हड़कंप

पुलिस की इस कार्रवाई में करीब 2 लाख रुपये का गांजा और 8 लाख रुपये कीमत का बोलेरो वाहन, यानी कुल करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

कार्रवाई थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में की गई। टीम में एएसआई प्रेम साय भगत, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैकरा, देव प्रसाद राठिया, आरक्षक शशिभूषण उरांव, राजू तिग्गा, चमर साय भगत और महिला आरक्षक लीलावती एक्का शामिल रहे।

रायगढ़ पुलिस के अनुसार नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

style=
style=

Pratik Mallick

प्रतीक मल्लिक (REPORTER) DHARAMJAIGARH

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button