धरमजयगढ़ में भीड़ तो जुटी, लेकिन रुकी नहीं! आयोजन से धरमजयगढ़ को क्या हासिल हुआ? संगठन को अपनी रणनीति पर विचार करना होगा!

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को धरमजयगढ़ में बड़े स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के कई बड़े नेता शामिल थे। आयोजन को लेकर कई दिनों से प्रशासन और भाजपा संगठन तैयारियों में जुटा हुआ था। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों की मौजूदगी रही, लेकिन आयोजन के दौरान कुछ ऐसे दृश्य सामने आए, जिन्होंने स्थानीय व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आने वाले थे पर किसी कारणवश नहीं आ सके।अचानक देखा गया कार्यक्रम में पहुंचे लोगों के एक बड़ा हिस्सा वापस लौटने लगा। शुरुआत में कार्यक्रम स्थल पर अच्छी-खासी भीड़ दिखाई दे रही थी, लेकिन जैसे ही मुख्यमंत्री का आगमन हुआ, उसके कुछ समय बाद बड़ी संख्या में लोग अपनी जगह से उठकर बाहर जाने लगे। ग्राउंड में भीड़ थी पर ऐसा क्या कारण था भीड़ अंदर नहीं बैठी।
मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान हजारों कुर्सियां खाली, VIP और मीडिया दीर्घा को छोड़ जनता दीर्घा में दिखा खालीपन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंच से लोगों को संबोधित किया। लेकिन उनके भाषण के दौरान जनता दीर्घा की तस्वीर कुछ अलग ही नजर आई। VIP दीर्घा और मीडिया दीर्घा को छोड़कर आम जनता के लिए लगाई गई हजारों कुर्सियों में बड़ी संख्या खाली दिखाई दी। सवाल यह है कि जब कार्यक्रम स्थल के बाहर लोगों की मौजूदगी थी, तो वे जनता दीर्घा तक क्यों नहीं पहुंचे? क्या लोगों के बैठने, प्रवेश और आवागमन की व्यवस्था में कोई कमी रह गई थी? इतने बड़े आयोजन में भीड़ जुटाना जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही जरूरी उन्हें कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थित तरीके से बैठाना भी है। खाली कुर्सियों की तस्वीरों ने स्थानीय स्तर पर आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े किए।
हजारों की भीड़ के बावजूद धरमजयगढ़ को क्या मिला? सौगात पर भी संशय
धरमजयगढ़ में रविवार साप्ताहिक बाजार का दिन होता है। इस दिन आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहले ही बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में जनजातीय गौरव दिवस के बड़े आयोजन में भीड़ दिखाई देना स्वाभाविक था। लेकिन इस पूरे आयोजन के बाद स्थानीय लोगों के मन में एक बड़ा सवाल है कि आखिर धरमजयगढ़ को इस कार्यक्रम से क्या विशेष सौगात मिली? इतने बड़े मंच, मुख्यमंत्री का संबोधन, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की प्रस्तावित मौजूदगी तथा हजारों लोगों की भागीदारी के बीच स्थानीय क्षेत्र के लिए कौन-सी ठोस घोषणा हुई, यह स्पष्ट रूप से सामने आना जरूरी है।बड़ा आयोजन हुआ, मुख्यमंत्री ने संबोधित किया, लेकिन खाली कुर्सियों की तस्वीर और राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के रद्द होने से बदले माहौल ने स्थानीय आयोजन प्रबंधन पर सवाल जरूर खड़े किए। अब चर्चा इस बात की है कि इतने बड़े आयोजन से धरमजयगढ़ को वास्तव में क्या हासिल हुआ?
धरमजयगढ़ में सड़क निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, पीपरमार से बस स्टैंड तक युद्ध स्तर पर काम शुरू




