गौरवशाली क्षण: धरमजयगढ़ में एकलव्य विद्यालय हीरापुर ने रचा इतिहास, मार्च पास्ट में प्रथम स्थान

धरमजयगढ़/लैलूंगा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर धरमजयगढ़ ब्लॉक के परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS), हीरापुर, लैलूंगा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मार्च पास्ट (परेड) प्रतियोगिता में पूरे धरमजयगढ़ ब्लॉक में प्रथम स्थान हासिल किया।
इस प्रतियोगिता में ब्लॉक के करीब 15 प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान एकलव्य विद्यालय के विद्यार्थियों ने अनुशासन, शानदार कदमताल, ऊर्जा और देशभक्ति की भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों और उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।
विद्यार्थियों की मेहनत ने दिलाया गौरव

परेड में विद्यार्थियों के बेहतरीन तालमेल और अनुशासन का परिणाम रहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय हीरापुर ने प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।
विद्यालय परिवार ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों के निरंतर विश्वास और सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया गया।
प्राचार्य ने दी विद्यार्थियों को बधाई
विद्यालय के प्राचार्य श्री राधेश्याम किसान एवं समस्त विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का अनुशासन, मेहनत और देशभक्ति विद्यालय के लिए गौरव की बात है।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, हीरापुर की इस उपलब्धि ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय का नाम पूरे धरमजयगढ़ ब्लॉक में रोशन किया।
धरमजयगढ़ में 15 अगस्त का धमाका! बच्चों ने मारी बाजी, इन स्कूलों ने जीते बड़े खिताब




