अब नहीं चलेगी लापरवाही! शिशु-शशि ने स्कूलों में पहुंचकर दिए सख्त निर्देश….

धरमजयगढ़ क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा विभाग के अध्यक्ष शिशु पाल गुप्ता तथा राज्य शासन के मनोनीत पार्षद अनिल पांडेय ने विभिन्न शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुर्गापुर प्राथमिक विद्यालय, पंडरीमहुआ, नरकालो माध्यमिक एवं हाई स्कूल, सिथरा माध्यमिक एवं हाई स्कूल सहित कई विद्यालयों का भ्रमण कर बच्चों, शिक्षकों और विद्यालयीन व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

बच्चों की पढ़ाई, मध्यान्ह भोजन और उपस्थिति पर विशेष फोकस, मौके पर ही दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति तथा पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली गई। जहां छोटी-छोटी समस्याएं सामने आईं, उनका मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया गया। शिशु पाल गुप्ता ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक बच्चे की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों, सरपंच, उपसरपंच और जनप्रतिनिधियों से लगातार संपर्क बनाए रखें। कई विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की संतोषजनक उपस्थिति भी देखने को मिली, जिसकी दोनों जनप्रतिनिधियों ने सराहना की।

शिक्षा को लेकर गंभीर दिखे जनप्रतिनिधि, बोले—बेहतर स्कूल ही बेहतर भविष्य की नींव
निरीक्षण के दौरान शिक्षकों ने भी ग्रामीण क्षेत्रों में आने वाली समस्याओं से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया, जिस पर आवश्यक सुझाव दिए गए। शिशु पाल गुप्ता और अनिल पांडेय ने कहा कि विद्यालयों का स्तर लगातार ऊपर उठे, इसके लिए जनप्रतिनिधि, शिक्षक और अभिभावक मिलकर काम करेंगे। स्थानीय लोगों ने भी शिक्षा के प्रति उनकी सक्रियता और नियमित निरीक्षण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं में निश्चित रूप से सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
धरमजयगढ़ के विजयनगर अस्पताल का जिला मलेरिया अधिकारी ने किया निरीक्षण, मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों की समीक्षा, मरीजों को बांटी मच्छरदानियां




