
जुआ की सूचना पर एसएसपी ने दिखाई सख्ती
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को 11 मार्च को चौकी रैरूमाखुर्द क्षेत्र के बरपाली जंगल में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इस संबंध में चौकी प्रभारी एएसआई बृज किशोर गिरी से जानकारी ली गई, लेकिन उनके द्वारा मामले की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
* संयुक्त टीम ने की रेड, 4 जुआरी गिरफ्तार*
एसएसपी के निर्देश पर रक्षित केंद्र, थाना घरघोड़ा और रैरूमाखुर्द पुलिस की संयुक्त टीम ने बरपाली जंगल में जुआ रेड की। कार्रवाई के दौरान चार जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 5 मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल फोन और 10,600 रुपये नगद जप्त किए गए। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

* लापरवाही पर दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच*
जांच में चौकी प्रभारी एएसआई बृज किशोर गिरी और बीट के प्रधान आरक्षक लक्ष्मी नारायण केंवट द्वारा सूचना संकलन में कमी और पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही सामने आई। इस पर एसएसपी रायगढ़ ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया।
* नए चौकी प्रभारी की नियुक्ति *
प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए थाना पूंजीपथरा में पदस्थ उपनिरीक्षक विजय एक्का को चौकी रैरूमाखुर्द का नया प्रभारी बनाया गया है।




