Crime

“हम हैं डॉन” चिल्लाते बदमाशों ने युवक की बाइक तोड़ी, लूट का प्रयास, जान से मारने की धमकी – सीसीटीवी में कैद वारदात

रायगढ़। होली का त्योहार जहां खुशियों और भाईचारे का प्रतीक माना जाता है, वहीं रायगढ़ के जुटमिल थाना क्षेत्र में यह पर्व एक खौफनाक घटना में बदल गया। बाजपेयी टेंट हाउस के पास कुछ युवकों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट, बाइक में तोड़फोड़ और लूट के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

*नारियल ठेला व्यापारी को घेरकर किया हमला*

पीड़ित मोहम्मद अल्ताफ ने अपनी शिकायत में बताया कि वह नारियल ठेला लगाकर जीविकोपार्जन करता है। 4 मार्च 2026 को होली के दिन वह अपने मित्र राहुल बारेठ के साथ अपनी बाइक (CG 13 AX 7028, बजाज NS 125) से घूमने निकला था। इसी दौरान बाजपेयी टेंट हाउस के पास कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और बिना किसी कारण के विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। अल्ताफ के अनुसार घटना के दौरान यह आरोप लगाते हुए हमला कर दिया कि उन्होंने पुलिस को सूचना दी है। आरोपियों ने दोनों युवकों का कॉलर पकड़ लिया, मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की और उन्हें धमकाते हुए मारपीट की।

1002045983

*बाइक में की भारी तोड़फोड़*

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी बाइक को लाठियों-डंडों से बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। बाइक के हेडलाइट, इंजन, चेन कवर, टैंक सहित कई हिस्सों को नुकसान पहुंचा, जिससे करीब 32,800 रुपये का नुकसान हुआ है।

*“हम यहां के डॉन हैं” कहकर दी धमकी*

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने खुलेआम दहशत फैलाते हुए कहा कि “हम यहां के डॉन हैं, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” साथ ही उन्होंने धमकी दी कि अगर थाने में शिकायत की तो कहीं से भी ढूंढकर जान से मार देंगे और पहले हाथ-पैर तोड़ देंगे। इस धमकी के बाद से पीड़ित और उसका परिवार दहशत में है।

1002046707

बताया जा रहा है कि पूरी घटना बाजपेयी टेंट हाउस के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित ने शिकायत के साथ पेन ड्राइव में सीसीटीवी फुटेज, क्षतिग्रस्त बाइक की फोटो और वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र भी पुलिस को सौंपे हैं।

*पीड़ित ने की FIR और सुरक्षा की मांग*

पीड़ित मोहम्मद अल्ताफ ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए, वाहन क्षति की भरपाई कराई जाए और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। अल्ताफ का कहना है कि वह एक साधारण व्यापारी है और किसी से उसकी कोई पुरानी रंजिश नहीं है, इसके बावजूद उस पर हमला किया गया। मामले में अभी तक जुटमिल थाना पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। होली के मौके पर हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग पुलिस की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

1002046708
style=

Mukesh Mourya

मुकेश मौर्य (संपादक) ग्रामीण न्यूज़ 24 , पता - रायगढ़ , छत्तीसगढ़ मो . +919752981420

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!