रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र में शिक्षा को बड़ी सौगात, DMF फंड से स्कूलों के नए भवनों को मंजूरी; समय अग्रवाल ने मुख्यमंत्री और सांसद का जताया आभार

धरमजयगढ़ सहित आदिवासी अंचलों में शिक्षा को मिलेगी नई मजबूती
धरमजयगढ़। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न आदिवासी अंचलों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल सामने आई है। DMF फंड से विद्यालयों एवं छात्रावासों में नए भवन निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृत कार्यों में धरमजयगढ़ विकासखंड के पुंगरा स्थित आदिवासी कन्या आश्रम तथा खड़गांव स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास में जर्जर छात्रावास/आश्रम के स्थान पर नवीन भवन निर्माण शामिल है।
लैलूंगा और तमनार में भी होंगे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य

स्वीकृत सूची के अनुसार लैलूंगा क्षेत्र के सोनाजोरी आदिवासी कन्या आश्रम और मुकडेड़ा प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास में भी नवीन भवन निर्माण कराया जाएगा।
वहीं तमनार विकासखंड के गोंदी आदिवासी कन्या आश्रम में डायनिंग हॉल निर्माण, अतिरिक्त अध्ययन कक्ष तथा प्रथम तल में अतिरिक्त कक्ष सहित अन्य निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों से विद्यार्थियों के रहने, पढ़ने और भोजन सहित मूलभूत सुविधाओं में सुधार होने की संभावना है।
समय अग्रवाल बोले—शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की बड़ी पहल
भाजपा मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष समय अग्रवाल ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और क्षेत्रीय सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि DMF फंड के माध्यम से विद्यालयों और छात्रावासों में अधोसंरचना मजबूत होने से विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। समय अग्रवाल ने कहा कि रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र में विकास की इस नई पहल से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा और दूरस्थ अंचलों के बच्चों को बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
समय अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री और सांसद के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास को लगातार गति मिल रही है और आने वाले समय में शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में भी विकास कार्यों का विस्तार होगा।




