धरमजयगढ़ से नाबालिग को बेचने की साजिश! 4 साल बाद आरोपी कानून के शिकंजे में

रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब चार वर्षों से फरार चल रहे मानव तस्करी के आरोपी रामा चौहान को जशपुर जिले के ग्राम जोराडोल से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चली इस कार्रवाई को फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
17 वर्षीय बालिका को राजस्थान में ₹20 हजार में बेचने की थी साजिश
पुलिस के अनुसार वर्ष 2022 में धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। विवेचना के दौरान बालिका को मध्यप्रदेश के अनुपपुर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ट्रेन से सुरक्षित बरामद किया था। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी हीरालाल चौहान, देवलाल तिग्गा, रामपाल यादव और रामा चौहान ने मिलकर बालिका को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाकर शादी के नाम पर ₹20 हजार में बेचने की साजिश रची थी। मामले में पहले तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि रामा चौहान लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था।
जशपुर में दबिश देकर गिरफ्तारी, एसएसपी बोले— कोई आरोपी नहीं बचेगा
धरमजयगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना मिलने पर जशपुर जिले के जोराडोल गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन क्लीन हंट” आगे भी जारी रहेगा और वर्षों से फरार अपराधियों को कानून के दायरे में लाने की कार्रवाई लगातार होती रहेगी।
छाल क्षेत्र के नेता का भाई राकेश गुप्ता खुलेआम दें रहा धमकी, राष्ट्रपति शब्द को गाली से जोड़कर अपमान वाले कथित ऑडियो से मचा बवाल, 3 दिनों से कार्यवाही नहीं होने पर 1076 हेल्पलाइन में किया गया शिकायत….




