धरमजयगढ़ सड़क हादसा: सड़क किनारे पड़ी टूटी डाल से टकराकर युवक घायल, बाइक के नीचे दबा रहा काफी देर

धरमजयगढ़ के बायसी कॉलोनी के पास एक युवक सड़क किनारे पड़ी टूटी हुई सूखी डाल से टकराकर घायल हो गया। बताया जा रहा है कि सड़क के किनारे लंबे समय से पेड़ की बड़ी सूखी टहनी पड़ी हुई थी, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था। घटना उस समय हुई जब युवक अपनी बाइक से गुजर रहा था और सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान उसकी बाइक सड़क पर पड़ी डाल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा।
बाइक के नीचे दबा रहा युवक, लोगों ने पहुंचाई मदद
हादसे के बाद युवक बाइक के नीचे दब गया और कुछ समय तक वहीं फंसा रहा। आसपास मौजूद लोगों ने घटना होते ही मौके पर पहुंचकर युवक को बाइक के नीचे से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ी अनहोनी टल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय पर मदद नहीं मिलती तो युवक को और गंभीर चोटें आ सकती थीं। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ भी लगी रही।
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल, जिम्मेदारों की लापरवाही चर्चा में
घायल युवक ने बताया कि सड़क पर सूखी टहनी का बड़ा हिस्सा पड़ा हुआ था। सामने से आ रहे वाहन को रास्ता देने के दौरान उसकी नजर उस डाल पर नहीं पड़ी और हादसा हो गया। इस घटना ने सड़क सुरक्षा और मार्गों की नियमित निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे पड़े सूखे पेड़ों और टूटी टहनियों को समय रहते हटाया जाए तो ऐसे हादसों से बचा जा सकता है। बायसी कॉलोनी के पास हुई इस घटना के बाद लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क किनारे पड़े अवरोधों को तत्काल हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य राहगीर को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
धरमजयगढ़ मुख्यालय से कुछ मीटर दूर मेन रोड के सड़क पर कब्जा! रास्ते पर महीनो से रखा गया हैं पत्थर




