धरमजयगढ़ में गौ-तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई,8 मवेशियों से भरी पिकअप जब्त

खड़गांव में मवेशी तस्करी का बड़ा खुलासा, डायल 112 की कार्रवाई में 8 मवेशियों से भरी पिकअप जब्त
धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खड़गांव में बीती रात मवेशी तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। एक पिकअप वाहन को पकड़ा, जिसमें 8 नग मवेशियों को कथित रूप से ठूंस-ठूंस कर क्रूरतापूर्वक भरा गया था। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया, जबकि वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पिकअप वाहन में ठूंसकर भरे गए थे मवेशी, कागजात भी नहीं मिले

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पिकअप वाहन क्रमांक CG 12 AS 8363 में 8 नग मवेशी भरे हुए मिले। वाहन में दो व्यक्ति बैठे थे, जिनसे पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम सत्यपाल राठिया एवं तिहारू राम राठिया निवासी चाकामार नवाना थाना रजगामार जिला कोरबा बताया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा मवेशियों के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। वहीं मवेशियों को बिना चारा-पानी एवं बेहद अमानवीय तरीके से वाहन में भरकर ले जाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार यह पशुओं के प्रति क्रूरता एवं छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम का उल्लंघन माना गया।बताया जा रहा है कि वाहन चालक रमेश राठिया निवासी चाकामार नवापारा थाना रजगामार जिला कोरबा, पुलिस कार्रवाई के दौरान वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज, इलाके में चर्चा तेज

धरमजयगढ़ पुलिस ने मामले में प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा पिकअप वाहन समेत 8 मवेशियों को जब्त कर थाना परिसर लाया गया। घटना के बाद इलाके में मवेशी तस्करी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में रात के अंधेरे में लगातार मवेशियों के परिवहन की शिकायतें मिलती रही हैं, लेकिन इस बार डायल 112 की त्वरित कार्रवाई से बड़ा मामला पकड़ में आया है।स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और मवेशी तस्करी के नेटवर्क की गहन जांच की मांग की है।




