धरमजयगढ़ के कापू में खुलेआम लहरा रहा था तलवार, पुलिस ने दिखाई कानून की धार

कापू मेन रोड बना ‘तलवार शो’ का मंच, पुलिस ने मिनटों में उतारा युवक का खुमार: सड़क पर तलवार लहराकर फैला रहा था दहशत
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ के कापू थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा मेन रोड पर खुलेआम नुकीली धारदार तलवार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने का मामला सामने आया है। अश्वनी किराना दुकान के सामने युवक की हरकत से लोगों में भय का माहौल बन गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।
पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा,आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
सूचना पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी रण विजय सिंह राजपूत (30 वर्ष), निवासी कापू को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक नुकीला धारदार तलवारनुमा हथियार बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कापू पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से आम लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




