धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल में ब्लड सैंपल गायब! मरीज को न रिपोर्ट मिली, न लैब में मिला सैंपल; सोशल मीडिया पर वीडियो डाल उठाए सवाल
धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल से ब्लड सैंपल गायब होने का आरोप सामने आने के बाद अस्पताल की जांच व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। धरमजयगढ़ कॉलोनी निवासी एक पीड़ित ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी परेशानी साझा की है। वायरल वीडियो में पीड़ित ने बताया कि वह शनिवार को ब्लड जांच कराने के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा था, जहां उसने जांच के लिए अपना ब्लड सैंपल दिया था। पीड़ित के अनुसार, अस्पताल की ओर से उसे बताया गया था कि दो दिन बाद सोमवार को जांच रिपोर्ट मिल जाएगी। इसी उम्मीद में वह रिपोर्ट लेने पहुंचा, लेकिन उसे रिपोर्ट नहीं मिली। इसके बाद जब उसने अपने सैंपल के संबंध में जानकारी ली, तो उसका दावा है कि लैब में भी सैंपल मौजूद नहीं था।
आखिर कहां गया ब्लड सैंपल? सिविल अस्पताल प्रबंधन से जवाब की उम्मीद
इस मामले के सामने आने के बाद अब अस्पताल प्रबंधन की जवाबदेही को लेकर चर्चा हो रही है। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जांच के लिए लिए गए सैंपल का रिकॉर्ड रखना और समय पर रिपोर्ट देना भी जरूरी है। यदि किसी कारण से जांच नहीं हो पाती है, तो मरीज को इसकी स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए।धरमजयगढ़ कॉलोनी निवासी पीड़ित ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आवाज उठाई है। अब देखना होगा कि अस्पताल प्रबंधन इस मामले में क्या स्पष्टीकरण देता है और सैंपल के संबंध में क्या जानकारी सामने आती है। मामले की निष्पक्ष जांच से ही स्पष्ट हो सकेगा कि सैंपल के साथ वास्तव में क्या हुआ और इसके लिए किसी की जिम्मेदारी बनती है या नहीं। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
यह समाचार सोशल मिडिया पर वायरल वीडियो पर आधारित है ग्रामीण न्यूज़ इसकी पुष्टि नहीं करता
कापू में रेंजर के ‘ताबदले ’ पर खुशी क्यों? जिस तबादले का लोगो को था इंतजार था, वो आखिर हो ही गया! कापू से धमतरी पहुंचे रेंजर सूर्यकांत नेताम




