पारेमेर गांव में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी पहल, 96 ग्रामीणों को मिला स्वास्थ्य लाभ

धरमजयगढ़ क्षेत्र के अति दूरस्थ गांव पारेमेर में 16 मई 2026 को स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव तक पहुंची और ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से गांव में ही बेहतर उपचार और जांच की सुविधा मिल रही है।
महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच पर रहा विशेष फोकस
शिविर में गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई, वहीं छोटे बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। आंकड़ों के अनुसार 0 से 3 वर्ष तक के 57 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 3 से 6 वर्ष तक के 4 बच्चों की जांच हुई। इसके अलावा एनसीडी एवं अन्य स्वास्थ्य जांच के अंतर्गत 31 ग्रामीणों का परीक्षण किया गया। कुल मिलाकर 96 हितग्राही इस शिविर से लाभान्वित हुए। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को पोषण, स्वच्छता और बीमारी से बचाव संबंधी जानकारी भी दी।

स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली की ग्रामीणों ने की प्रशंसा
ग्रामीणों ने कहा कि पहले छोटी-छोटी जांच और उपचार के लिए दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब स्वास्थ्य विभाग गांव-गांव पहुंचकर लोगों को सुविधा दे रहा है। कठिन परिस्थितियों में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लगातार शिविर लगाना और लोगों की जांच करना सराहनीय पहल मानी जा रही है। इस शिविर से ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और लोगों ने भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की है।





