धरमजयगढ़ राजस्व कार्यालय परिसर में जनता लाचार, एसी-कूलर में अधिकारी व्यस्त, जनता जमीन पर बैठने को मजबूर…

धरमजयगढ़। भीषण गर्मी के बीच एक ओर आम लोग सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार विभाग जनता की मूल सुविधाओं तक का ध्यान नहीं रख पा रहे हैं। मामला धरमजयगढ़ राजस्व कार्यालय परिसर स्थित रिकॉर्ड रूम का है, जहां जमीन संबंधी नकल और दस्तावेज निकलवाने पहुंचे ग्रामीणों को घंटों गर्मी में परेशान होना पड़ा। कहा जाता हैं कि अधिकारी कर्मचारी तों जनता के नौकर होते हैं पर शायद यह बात कहावतो तक ही सिमित है असल जिंदगी से इसका कोई वास्ता नहीं इसका जीता जागता उदाहरण तस्वीर में देख सकते हैं।
रिकॉर्ड रूम के बाहर जमीन पर बैठने को मजबूर ग्रामीण
रिकॉर्ड रूम के बाहर रोजाना बड़ी संख्या में लोग जमीन संबंधी दस्तावेज, नकल और रिकॉर्ड निकलवाने पहुंचते हैं, लेकिन वहां बैठने तक की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण जमीन पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कई लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकारी कार्यालय में जनता की सुविधाओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है।

“जनसेवा” के दावे, लेकिन सुविधाएं शून्य…
ग्रामीणों का कहना है कि जब सरकारी दफ्तरों में रोजाना सैकड़ों लोग पहुंचते हैं, तो कम से कम बैठने के लिए कुर्सी अन्य मूलभूत व्यवस्था तो होनी चाहिए। लोगों ने आरोप लगाया कि अधिकारी और कर्मचारी बंद कमरों में बैठकर काम कर रहे हैं, जबकि बाहर जनता गर्मी में परेशान हो रही है। यह स्थिति सरकारी व्यवस्था और जनसेवा के दावों पर सवाल खड़े कर रही है स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रिकॉर्ड रूम के बाहर तत्काल बैठने की व्यवस्था, पेयजल और छाया की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को राहत मिल सके। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लेते हैं या फिर जनता यूं ही परेशान होती रहेगी।





