धरमजयगढ़ में चेन स्नैचिंग पर पुलिस का लाइव एक्शन, कापू रोड पर घेराबंदी कर दबोचे गए दोनों आरोपी :- मॉक ड्रिल

धरमजयगढ़ में रायगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित लाइव मॉक ड्रिल के दौरान कंट्रोल रूम से सूचना प्रसारित की गई कि दशहरा मैदान क्षेत्र में एक युवती से बाइक सवार दो बदमाश चेन स्नैचिंग कर कापू रोड की ओर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही थाना स्तर से लेकर सभी चेक पोस्ट तक हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। आरोपियों के हुलिए और वाहन संबंधी जानकारी तत्काल वायरलेस सेट के माध्यम से प्रसारित की गई।
कापू रोड पर पुलिस की घेराबंदी, दोनों संदिग्ध दबोचे गए
एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के नेतृत्व में धरमजयगढ़ पुलिस ने कापू रोड पर तत्काल नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की। पुलिस की तेज कार्रवाई और रणनीतिक घेराबंदी के चलते दोनों संदिग्धों को कुछ ही देर में पकड़ लिया गया। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय व्यवस्था का सफल प्रदर्शन देखने को मिला।
रायगढ़ पुलिस का संदेश — अपराधियों को नहीं मिलेगा बचने का मौका
जिलेभर में आयोजित इस मॉक ड्रिल के जरिए रायगढ़ पुलिस ने साफ संदेश दिया कि लूट, चेन स्नैचिंग और संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों को अब बच निकलने का मौका नहीं मिलेगा। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में वरिष्ठ अधिकारियों ने गोपनीय रूप से पुलिस व्यवस्था का निरीक्षण किया और रिस्पॉन्स टाइम की परीक्षा ली।




