पुलिस की वर्दी छोड़ जुए की फड़ पर पहुंचा आरक्षक, जुआ खेलते पकड़ा गया तो SP ने दिखाई सख्ती, किया निलंबित

सक्ती जिले में पुलिस विभाग की छवि को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक चालक मनोज कुमार सारथी बिना सूचना और अनुमति के अपने कर्तव्य से अनुपस्थित था। आरोप है कि ड्यूटी छोड़कर वह कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में संचालित जुए की फड़ पर पहुंच गया, जहां पुलिस की रेड के दौरान अन्य जुआरियों के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया।
कानून का रखवाला ही निकला कानून तोड़ने वाला
रजगामार चौकी पुलिस की कार्रवाई में आरक्षक मनोज कुमार सारथी भी जुआ खेलते हुए मिला। जिस पुलिस विभाग की जिम्मेदारी अपराध रोकने की होती है, उसी विभाग का कर्मचारी जुआ खेलते पकड़ा जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
SP का कड़ा एक्शन, तत्काल प्रभाव से निलंबन
मामले की जानकारी मिलते ही सक्ती पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाया। अनुशासनहीनता और विभागीय छवि धूमिल करने के आरोप में आरक्षक मनोज कुमार सारथी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में बड़ा संदेश माना जा रहा है। अब सवाल यह है कि कानून का पालन कराने वाले यदि खुद कानून तोड़ेंगे तो जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा?
धरमजयगढ़ में 3.89 लाख के भुगतान पर नया बवाल: “बिना बिल, बिना मांग मेरे खाते में डाली रकम”, शेष साहू का लेटर आया सामने..बचने की थी कोशिश या सच….



