शाहपुर में शाला प्रवेश उत्सव संपन्न: तिलक, जलेबी और नए गणवेश के साथ बच्चों का हुआ स्वागत

धरमजयगढ़ के शाहपुर स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ पर शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि टीकाराम पटेल, गोविंद साव, उपसरपंच गजानंद पटेल, माधो राम पटेल, नीलमणि पटेल, गोपीराम, तेजराम नगेशिया सहित बड़ी संख्या में पालक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, जलेबी खिलाकर तथा नए गणवेश प्रदान कर विद्यालय में स्वागत किया गया।

“निजी स्कूलों से बेहतर हैं शासकीय विद्यालय” – टीकाराम पटेल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टीकाराम पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासकीय विद्यालयों की गुणवत्ता लगातार बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में चयनित शिक्षक निर्धारित मापदंडों को पूरा कर नियुक्त होते हैं तथा विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश और सरस्वती साइकिल योजना जैसी सुविधाएं मिलती हैं। वहीं निजी विद्यालयों में अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को शासकीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की अपील भी की।
- नई प्रार्थना व्यवस्था और शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम की जानकारी
टीकाराम पटेल ने बताया कि नए शिक्षा सत्र में विद्यालयों की प्रार्थना व्यवस्था में कई बदलाव किए गए हैं। अब राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र, महापुरुषों की जीवनी का वाचन, भोजन मंत्र, राजकीय गीत, गायत्री मंत्र एवं शांति मंत्र को शामिल किया गया है। उन्होंने इसके लिए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रधान पाठक हरिराम साहू, जोगेश चंद्र देवनाथ, सीमा शेंद्रे, आशीष अग्रवाल, रोहनी सिसोदिया, मीरा राठिया और शगुफ्ता परवीन ने विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। बताया गया कि पिछले सत्र में कक्षा आठवीं के 19 विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक भोजन किया।




