शिवसेना के ज्ञापन के बाद प्रशासन हरकत में, हालाहुली में खाद-बीज का बड़ा भंडारण पकड़ा गया___

खरसिया। किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराने एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग को लेकर खरसिया शिवसेना इकाई द्वारा एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम हलहुली में एक दुकान से भारी मात्रा में खाद-बीज का भंडारण बरामद किया है। जांच पूरी होने तक संबंधित दुकान को सील कर दिया गया है।

शिवसेना प्रदेश प्रमुख के निर्देशानुसार पूरे छत्तीसगढ़ में खाद-बीज की कालाबाजारी रोकने तथा किसानों को राहत दिलाने के उद्देश्य से जिला स्तर पर ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं।
इसी कड़ी में खरसिया शिवसेना इकाई के अध्यक्ष पिंटू यादव के नेतृत्व में शिवसैनिकों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में क्षेत्र में बढ़ रही खाद-बीज की कालाबाजारी पर रोक लगाने और किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग की गई थी।
ज्ञापन सौंपते समय एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम हलहुली में जांच की, जहां एक दुकान में भारी मात्रा में खाद-बीज का भंडारण पाया गया।

टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया और मामले की जांच प्रारंभ कर दी।
खरसिया शिवसेना इकाई के अध्यक्ष पिंटू यादव ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए शिवसेना लगातार संघर्ष कर रही है।
उन्होंने शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए मांग की कि खाद-बीज की कालाबाजारी में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि “किसानों के अधिकारों की रक्षा और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए शिवसेना का संघर्ष आगे भी लगातार जारी रहेगा।”




