मंदिर दर्शन कर लौटे परिवार ने देखा कमरे में बहू का शव

रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हाटी में नवरात्रि के पावन अवसर पर एक हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया। जानकारी के अनुसार हाटी निवासी सतीश अग्रवाल का पूरा परिवार नवरात्रि के उपलक्ष्य में धरमजयगढ़ स्थित मंदिर में माता के दर्शन करने गया हुआ था। घर पर कुछ सदस्य मौजूद थे, लेकिन इसी दौरान 27 वर्षीय बहू आकांक्षा अग्रवाल ने अपने कमरे में जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से लटक गई। घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल कोई स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
दरवाजा तोड़ने पर सामने आया मंजर
जब परिवार के सदस्य मंदिर से दर्शन कर वापस लौटे तो आकांक्षा के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। घबराए परिजनों ने तत्काल गांव के सरपंच पति को सूचना दी। उनकी मौजूदगी में जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए—आकांक्षा का शव पंखे से लटका हुआ था। इस मंजर को देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस जांच शुरू, मासूम बच्ची पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना की जानकारी मिलते ही छाल थाना पुलिस, एफएसएल टीम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और आवश्यक जांच प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है। मृतका अपने पीछे 5 साल की मासूम बेटी को छोड़ गई है, जिसके सिर से मां का साया उठ गया। पूरे गांव में इस घटना के बाद शोक और स्तब्धता का माहौल है, वहीं पुलिस हर पहलू से जांच कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।




