इलाज को लेकर सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में हंगामा, डॉक्टर और मरीज के परिजनों के बीच तीखी बहस

धरमजयगढ़।
सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में एक सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के इलाज को लेकर डॉक्टर और मरीज के परिजनों के बीच जमकर विवाद हो गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल निर्मित हो गया।जानकारी के अनुसार खम्हार निवासी एक व्यक्ति का धरमजयगढ़ के लक्ष्मीपुर चौक के पास सड़क हादसा हो गया था। घायल को उपचार के लिए तत्काल सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ लाया गया। इसी दौरान इलाज और डॉक्टर की उपलब्धता को लेकर मरीज के परिजनों एवं ड्यूटी डॉक्टर के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मरीज के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर संबंधित डॉक्टर मौजूद नहीं थे, जिसके कारण उन्हें फोन कर बुलाना पड़ा। परिजनों का कहना है कि फोन पर बातचीत के बाद डॉक्टर ने उनसे अभद्र व्यवहार किया और यहां तक कह दिया कि “मेरा नंबर तुम्हें किसने दिया, मैं तुम्हारा नंबर ब्लॉक कर दूंगा।
“परिजनों ने मीडिया के माध्यम से सवाल उठाते हुए कहा कि यदि ड्यूटी के समय डॉक्टर अस्पताल में मौजूद नहीं थे तो मरीजों की जिम्मेदारी कौन संभालेगा। उनका कहना है कि आपात स्थिति में डॉक्टर को फोन करना भी गलत है क्या? यदि डॉक्टर मरीजों के परिजनों के नंबर ब्लॉक करने की बात करेंगे तो आम जनता इलाज के लिए किस पर भरोसा करेगी।
डॉक्टर ने दी अपनी सफाई
वहीं विवाद पर डॉक्टर ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने घायल मरीज की जांच कर दी थी और आवश्यक उपचार की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बाहर गए थे। डॉक्टर का आरोप है कि बाद में मरीज के परिजन उनसे ऊंची आवाज में और धमकाने के अंदाज में बात कर रहे थे, जिसके चलते विवाद की स्थिति निर्मित हुई।




