धरमजयगढ़ कॉलोनी में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ने मचाई तबाही, दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में कई लोग घायल…

धरमजयगढ़ कॉलोनी क्षेत्र में आज शाम करीब 6 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आपस में जोरदार भिड़ंत होने से दोनों वाहनों पर सवार कई लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की।
दोनों बाइक सवार दुर्गापुर के रहने वाले, गांव लौटते समय हुआ हादसा
मौके पर मौजूद लोगों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार लोग दुर्गापुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों वाहन अपने गांव दुर्गापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल चालक तेज रफ्तार में था, जिसने आगे चल रही दूसरी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सवारों को गंभीर चोटें आईं। हालांकि घायलों की आधिकारिक संख्या और उनकी स्थिति को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
शर्मनाक तस्वीर! कलेक्टर साहब, एक पुल की कीमत कितनी? नदी पार करके स्कूल जाते छात्रों के हित में पुल बनाने में क्या परेशानी….




