बायसी कॉलोनी में ट्रांसफार्मर पर चोरों का धावा, कीमती सामान और तेल की चोरी से मचा हड़कंप

धरमजयगढ़ क्षेत्र के बायसी कॉलोनी अंतर्गत हाथीगड़ा में चोरों ने विद्युत विभाग के पुराने ट्रांसफार्मर को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार खंभे के नीचे रखा पुराना ट्रांसफार्मर संदिग्ध परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त मिला। ट्रांसफार्मर के अंदर मौजूद कीमती कॉयल एवं अन्य सामान गायब पाए गए, जबकि ट्रांसफार्मर का पूरा तेल भी चोर निकाल ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
एक किलोमीटर दूर मिली कॉयल, चोरी की सुनियोजित वारदात की आशंका
घटना की जांच के दौरान ट्रांसफार्मर की कॉयल घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर बरामद हुई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर ट्रांसफार्मर को खोलकर उसके अंदर मौजूद तांबा एवं अन्य कीमती धातुओं को निकालने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इस तरह ट्रांसफार्मर को निशाना बनाए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों में भारी नाराजगी
चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा चोरों की तलाश के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच चल रही है। इधर लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।




