रिश्वत लेते रंगे हाथ छाल तहसील का बाबू (60 हजार) गिरफ्तार, नाम सुधार के नाम पर मांगे थे 1 लाख रुपए

नाम सुधार के बदले मांगी 1 लाख की रिश्वत Raigarh जिले के ग्राम धसकामुड़ा निवासी भानुप्रताप पटेल की शिकायत पर एसीबी बिलासपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। शिकायत में बताया गया कि तहसील छाल में पदस्थ बाबू तुलाराम पटेल द्वारा राजस्व रिकॉर्ड में नाम सुधार आदेश कराने के एवज में 1 लाख रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी। मामला कंचन बाई की जमीन के रिकॉर्ड सुधार से जुड़ा था, जिसकी जिम्मेदारी भानुप्रताप पटेल देख रहे थे।
एसीबी ने बिछाया जाल, 60 हजार लेते पकड़ा गया बाबू
शिकायत सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। प्रार्थी द्वारा प्रथम किश्त के रूप में 60 हजार रुपए देने की सहमति जताई गई। आज 29 मई 2026 को तहसील कार्यालय छाल में जैसे ही आरोपी बाबू तुलाराम पटेल ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई।
सहायक शिक्षक से बना था बाबू, भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्रवाई
एसीबी के अनुसार आरोपी तुलाराम पटेल का मूल पद सहायक शिक्षक का है, लेकिन वह तहसील छाल में बाबू के रूप में अटैच था। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसीबी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी शासकीय कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने पर तुरंत सूचना दें ताकि भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की जा सके।




