Latest News
Trending

हाईवा-ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर, केबिन में जिंदा जले ड्राइवर, रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पर भीषण हादसा

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रायगढ़-घरघोड़ा मुख्य मार्ग पर रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। घरघोड़ा से कुडुमकेला के बीच कुरकुट नाला पुलिया के पास तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसके बाद दोनों वाहन आग की लपटों में घिर गए।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों भारी वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से फैलने के कारण चालकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार दोनों वाहनों के चालक केबिन के भीतर ही जिंदा जल गए, हालांकि आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होने की बात कही जा रही है।

1001990774

*मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल*

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, वहीं पुलिस बल ने घटनास्थल को सुरक्षित कर राहत एवं बचाव कार्य संभाला। सड़क पर वाहनों के जलने के कारण रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।

पुलिस टीम अब जले हुए केबिन से अवशेष निकालकर पहचान की प्रक्रिया में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मृतकों की आधिकारिक पहचान और हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

1001990775

*तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह*

चश्मदीदों का कहना है कि हाईवा अत्यधिक तेज रफ्तार में था, जिससे सामने से आ रहे ट्रेलर चालक को संभलने का अवसर नहीं मिल पाया और आमने-सामने टक्कर हो गई।

*‘ब्लैक स्पॉट’ पर फिर हुआ बड़ा हादसा*

यह हादसा कुरकुट नाला की उसी पुलिया पर हुआ है जिसे स्थानीय लोग लंबे समय से दुर्घटना संभावित ‘ब्लैक स्पॉट’ बताते आ रहे हैं। इस स्थान पर पहले भी कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।फिलहाल पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है और क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

1001990776
style=

Mukesh Mourya

मुकेश मौर्य (संपादक) ग्रामीण न्यूज़ 24 , पता - रायगढ़ , छत्तीसगढ़ मो . +919752981420

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!