सर्वे कार्य में लापरवाही पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई :-सूत्र

तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्रामों में चल रहे सर्वे कार्य में लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मिल रही जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मसहाती ग्रामों में सर्वे कार्य के दौरान निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं किए जाने की शिकायत मिली थी। विशेष रूप से गणेशपुर, आमागांव, धरमपुर और लक्ष्मीनगर जैसे क्षेत्रों में सर्वे कार्य में अनियमितता पाई गई।
पटवारी की लापरवाही आई सामने
जांच के दौरान यह पाया गया कि हल्का पटवारी नीरज कोरा द्वारा सर्वे कार्य को समय-सीमा में पूरा नहीं किया गया और उच्च अधिकारियों को आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई गई। लगातार निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्य में प्रगति नहीं होने को गंभीर लापरवाही और उदासीनता माना गया। यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1966 के विरुद्ध पाया गया।
तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम के तहत पटवारी नीरज कोरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय प.ह.न. 07 कार्यालय निर्धारित किया गया है और नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
अन्य अधिकारियों को भी निर्देश, 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी
जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, अन्य पटवारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे 24 घंटे के भीतर कार्यभार ग्रहण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्य में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




