बैंक के बाहर किसान की मौत , समाचार चलाने के बाद भी प्रशासन की नहीं खुली नींद।

अपेक्स बैंक के बाहर लाइन में लगे किसान की मौत, धान बोनस लेने आए थे जीयतराम — अव्यवस्थाओं पर उठे सवाल
धरमजयगढ़। धान बोनस की राशि लेने के लिए बैंक पहुंच रहे किसानों को भारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। कुछ दिन पहले हमारे द्वारा समाचार प्रकाशित किया गया था की रात भर किसान बैंक के बाहर लाइन में लगे रहें पर उसके बाद भी प्रशासन की नींद नहीं खुली। इसी बीच आज सुबह एक दुखद घटना सामने आई, जब अपेक्स बैंक के बाहर लाइन में लगे एक किसान की अचानक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ ब्लॉक के सलका निवासी किसान जीयतराम सुबह करीब 8 बजे धान बोनस की राशि निकालने के लिए अपेक्स बैंक पहुंचे थे। बैंक में एक ही काउंटर होने के कारण किसानों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान करीब 9 बजे अचानक उन्हें चक्कर आने लगा और वे वहीं गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना बैंक कर्मियों द्वारा मृतक के परिजनों को फोन के माध्यम से दी गई। इसके बाद मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और शव को अपने गांव सलका ले गए।
बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल
बताया जा रहा है कि इन दिनों धान बिक्री की राशि और बोनस लेने के लिए धर्मजयगढ़ ब्लॉक के सैकड़ों किसान रोज अपेक्स बैंक पहुंच रहे हैं। लेकिन बैंक में केवल एक ही काउंटर होने के कारण किसानों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। कई बार तो किसानों को बिना पैसा निकाले ही वापस घर लौटना पड़ रहा है।
किसान परेशान
लाइन में लगे किसानों का कहना है कि यदि बैंक में दो काउंटर कर दिए जाएं या फिर ब्लॉक में अन्य स्थानों पर भी अपेक्स बैंक की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, तो किसानों को काफी राहत मिल सकती है।
फिलहाल धान बोनस को लेकर बनी अव्यवस्थाओं के बीच धर्मजयगढ़ क्षेत्र के किसान परेशान नजर आ रहे हैं और प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं।




