प्रेमनगर में हाथियों का आतंक, हाथियों के झुंड ने मक्का फसल रौंदी, धरमजयगढ़ में किसानों ने वन विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

प्रेमनगर में हाथियों का आतंक, ग्रामीणों में दहशत
मिल रही जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ क्षेत्र के प्रेमनगर में बीती रात हाथियों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लगभग 16 हाथियों का झुंड गांव के पास स्थित खेतों में घुस आया, जिससे किसानों की मक्का की फसल को भारी नुकसान हुआ। रातभर चली इस घटना से ग्रामीणों की नींद उड़ गई और कई लोग अपने खेतों की रखवाली में जुटे रहे।

मक्का फसल को भारी नुकसान, घंटों बाद खेत से निकले हाथी
बताया जा रहा है कि हाथियों का यह झुंड देर रात अचानक खेतों में पहुंचा और मक्का की तैयार फसल को रौंदते हुए काफी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर और मशाल जलाकर हाथियों को भगाने की कोशिश की, लेकिन झुंड कई घंटों तक खेतों में डटा रहा। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा जा सका।

वन विभाग पर लापरवाही का आरोप, किसानों ने मांगा मुआवजा
इस घटना के बाद किसानों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही के कारण बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे उनकी फसल और आजीविका पर संकट मंडरा रहा है। किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग के साथ ही हाथियों के स्थायी समाधान की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से राहत मिल सके।




