अडानी पावर प्लांट में मजदूर की मौत के बाद बवाल, गुस्साए श्रमिकों ने किया हंगामा

*पावर प्लांट में मजदूर की संदिग्ध मौत*
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बधौरा क्षेत्र स्थित अडानी पावर प्लांट में काम करने वाले एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान लल्लन सिंह के रूप में हुई है, जो झारखंड के गढ़वा जिले का निवासी बताया जा रहा है। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। कुछ श्रमिकों का आरोप है कि मजदूर की मौत काम के दौरान ऊंचाई से गिरने के कारण हुई, जबकि कंपनी प्रबंधन ने प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक बताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही असली कारण स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
* मौत की खबर फैलते ही मजदूरों में आक्रोश*
जैसे ही मजदूर की मौत की खबर अन्य श्रमिकों तक पहुंची, प्लांट परिसर में भारी आक्रोश फैल गया। मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही और घटना को दबाने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर सैकड़ों मजदूर प्लांट परिसर में इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
*उग्र प्रदर्शन, आगजनी और तोड़फोड़*
प्रदर्शन के दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई और गुस्साए मजदूरों ने प्लांट परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और कुछ जगहों पर आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। बताया जा रहा है कि ठेकेदार के कार्यालय को भी निशाना बनाया गया। घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में मजदूरों ने काम छोड़कर प्लांट से बाहर निकलना शुरू कर दिया
*मौके पर भारी पुलिस बल तैनात*
स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इलाके में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं और मजदूरों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
नोट:-यह खबर अन्य न्यूज़ चैनल के माध्यम से एकत्र किया गया हैं।




